नई दिल्ली। निर्वाचन आयोग मतदाताओं, चुनाव अधिकारियों और राजनीतिक दलों के लिए एक ऐसा डिजिटल इंटरफेस विकसित कर रहा है जो उसके 40 से अधिक मौजूदा मोबाइल और वेब एप्लिकेशन को एकीकृत करेगा। आयोग ने रविवार को बताया कि ईसीआईएनईटी चुनाव संबंधी सभी गतिविधियों के लिए एक अद्वितीय मंच प्रदान करेगा। इस नए मंच के विकसित होने से उपयोगकर्ताओं को अलग-अलग ऐप डाउनलोड करने और उनके अलग-अलग लॉगइन याद रखने की परेशानी से छुटकारा मिल जाएगा। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने निर्वाचन अधिकारियों के एक हालिया सम्मेलन के दौरान ऐसा मंच तैयार किए जाने का प्रस्ताव रखा था। ईसीआईएनईटी लोगों को अपने डेस्कटॉप या स्मार्टफोन पर चुनाव संबंधी प्रासंगिक डेटा तक पहुंचने में सक्षम करेगा।  इस पर डेटा केवल अधिकृत निर्वाचन अधिकारी द्वारा दर्ज किया जाएगा ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि डेटा यथासंभव सटीक हो। ईसीआईएनईटी वोटर हेल्पलाइन ऐप , वोटर टर्नआउट ऐप , सीविजिल , सुविधा, सक्षम और केवाई ऐप जैसे मौजूदा ऐप को एकीकृत करेगा।