नई दिल्ली। भारत रविवार को श्रीहरिकोटा अंतरिक्ष केंद्र से एक पृथ्वी इमेजिंग उपग्रह प्रक्षेपित करेगा जिससे मौसम की सभी परिस्थितियों में अंतरिक्ष से ग्रह की निगरानी करने की देश की क्षमता बढ़ेगी। अधिकारियों ने बताया कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी पर संसद की स्थाई समिति में शामिल सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल 18 मई को सुबह पांच बजकर 59 मिनट पर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के ध्रुवीय उपग्रह प्रक्षेपण यान (पीएसएलवी) के जरिए होने वाले ईओएस-09 उपग्रह के प्रक्षेपण का साक्षी बनेगा। सी-बैंड सिंथेटिक अपर्चर रडार से लैस ईओएस-09 मौसम की सभी परिस्थितियों में किसी भी समय पृथ्वी की सतह की उच्च-रिजॉल्यूशन वाली तस्वीरें लेने में सक्षम होगा। यह कृषि और वानिकी निगरानी से लेकर आपदा प्रबंधन, शहरी नियोजन और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है। लगभग 1,710 किलोग्राम वजन वाला ईओएस-09 उपग्रह भारत की पृथ्वी अवलोकन परिसंपत्तियों का हिस्सा बनेगा जो देश के विशाल भूभाग की निगरानी की आवश्यकता को पूरा करेगा। अंतरिक्ष विभाग के निमंत्रण पर दो दर्जन से अधिक सांसदों के इस प्रक्षेपण कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद है। इसके बाद सांसद शाम को तिरुपति जाएंगे और एक विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान का दौरा करेंगे।
