नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार की सुबह पंजाब में आदमपुर वायु सेना केंद्र पहुंचे और वहां वायु सेना के उन जवानों से बातचीत की जो पाकिस्तान के साथ हाल में हुए सैन्य संघर्ष के दौरान कार्वाई में शामिल थे। प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा, आज सुबह मैं एएफएस आदमपुर गया और हमारे बहादुर वायु योद्धाओं और सैनिकों से मिला। साहस, दृढ़ संकल्प और निडरता के प्रतीक लोगों के साथ रहना एक बहुत ही खास अनुभव था। सशस्त्र बल हमारे देश के लिए जो भी करते हैं, उसके लिए भारत उनका सदा आभारी रहेगा। 
मोदी की यह यात्रा भारत और पाकिस्तान के बीच कुछ दिन तक चले सैन्य संघर्ष के बाद हो रही है। इससे पहले भारत ने पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में छह-सात मई की रात को ऑपरेशन सिंदूर के तहत पड़ोसी देश में और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में नौ आतंकी ठिकानों पर हमला किया था। दोनों देशों ने 10 मई को सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति जताई थी। हालांकि, भारत ने साफ किया है कि उसने अभियान को केवल स्थगित किया है और पाकिस्तान की गतिविधियों को देखकर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।