दाहोद (गुजरात)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पहलगाम आतंकवादी हमले के जवाब में चलाए गए भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर की सराहना करते हुए सोमवार को कहा कि अगर किसी ने हमारी बहनों का सिंदूर मिटाने की हिमाकत की तो उसका अंत निकट है। प्रधानमंत्री मोदी ने दो दिवसीय यात्रा पर गुजरात पहुंचने के बाद सोमवार की सुबह वडोदरा में रोड शो किया जिसके बाद वह एक जनसभा को संबोधित करने के लिए दाहोद रवाना हो गए। मोदी ने दाहोद में रैली के दौरान पाकिस्तान का जिक्र करते हुए कहा, विभाजन के बाद अस्तित्व में आया देश भारत के प्रति नफरत पर जी रहा है। उन्होंने कहा, पाकिस्तान का एकमात्र उद्देश्य भारत से दुश्मनी करना और भारत को नुकसान पहुंचाना है। मोदी ने कहा कि भारत का लक्ष्य गरीबी हटाना, आर्थिक विकास लाना और विकसित राष्ट्र बनना है। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर की सराहना करते हुए कहा कि अगर किसी ने हमारी बहनों का सिंदूर मिटाने की हिमाकत की तो उसका अंत निकट है। पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है। पहलगाम हमले में 26 लोगों की मौत के बाद भारत ने छह मई की देर रात पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में आतंकवादी ढांचों पर सटीक हमले किए थे, जिसके बाद पाकिस्तान ने आठ, नौ और 10 मई को भारतीय सैन्य ठिकानों पर हमले करने का प्रयास किया था। भारतीय पक्ष ने पाकिस्तानी कार्वाइयों का कड़ा जवाब दिया। दोनों पक्षों के सैन्य अभियानों के महानिदेशकों के बीच 10 मई को बातचीत के बाद सैन्य संघर्ष को रोकने पर सहमति बनी थी। प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात के दाहोद में लोकोमोटिव विनिर्माण संयंत्र सहित 24,000 करोड़ रुपए की लागत वाली विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने अहमदाबाद-वेरावल वंदे भारत सेवा और वलसाड-दाहोद एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। मोदी ने कहा, वंदे भारत ट्रेन अब देश भर में 70 मार्गों पर चल रही है। उन्होंने कहा, आज 26 मई है और 2014 में आज ही के दिन मैं पहली बार प्रधानमंत्री बना था। प्रधानमंत्री ने नागरिकों से होली, दीपावली और गणेश पूजा जैसे त्योहारों के दौरान भारत में बने उत्पाद खरीदने और उपयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, हमारी सरकार की नीति उन क्षेत्रों तक विकास पहुंचाने की है जो पिछड़े रह गए हैं। उन्होंने कहा, हमारे देश की प्रगति के लिए जो कुछ भी आवश्यक है, वह यहीं भारत में ही बनना चाहिए। इससे पहले मोदी ने सोमवार की सुबह वडोदरा में रोड शो किया। ऑपरेशन सिंदूर की जानकारी देने के लिए नियमित संवाददाता सम्मेलन करने के कारण सुर्खियों में आईं कर्नल सोफिया कुरैशी के परिवार के सदस्य भी प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए एकत्र उत्साही भीड़ में मौजूद थे। कर्नल कुरैशी वडोदरा से हैं और उनके माता-पिता, बहन शायना सुनसारा और भाई मोहम्मद संजय कुरैशी भी रोड शो में मौजूद थे। इससे पहले, मोदी का सोमवार को सुबह करीब 10 बजे वडोदरा हवाई अड्डे पर भव्य स्वागत किया गया और उन्होंने वायुसेना स्टेशन तक एक किलोमीटर का रोड शो किया। पाकिस्तान के खिलाफ भारत के ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर उन्हें बधाई देने के लिए रोड शो के दौरान मार्ग के दोनों ओर लोग खड़े थे जिन्होंने तिरंगा लहराया और भारतीय सेना एवं प्रधानमंत्री के समर्थन में नारे लगाए। मोदी ने अपने वाहन से बाहर निकलकर हाथ हिलाया और भीड़ का अभिवादन किया। महिलाएं सिंदूर के रंग के प्रतीक के तौर पर लाल साड़ी पहनकर रोड शो में शामिल हुईं और उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर फूलों की वर्षा की।