नई दिल्ली। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने ओडिशा में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के उप निदेशक चिंतन रघुवंशी को भुवनेश्वर के एक व्यवसाई से 20 लाख रुपए रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। चिंतन रघुवंशी ने ढेंकानाल में पत्थर खनन का कारोबार करने वाले व्यवसाई रतिकांत राउत के खिलाफ दर्ज ईडी के एक मामले में उन्हें राहत दिलाने के एवज में कथित तौर पर पांच करोड़ रुपए की मांग की थी। अधिकारियों ने बताया कि एजेंसी को सूचना मिली थी कि अधिकारी राउत से कथित रिश्वत की पहली खेप लेने वाले हैं, जिसके बाद एजेंसी ने बृहस्पतिवार को एक जाल बिछाया। सीबीआई की प्राथमिकी के अनुसार राउत ने एजेंसी से संपर्क किया था और शिकायत की थी कि उन्हें इस साल मार्च में भुवनेश्वर में ईडी कार्यालय में पूछताछ के लिए बुलाया गया था। प्राथमिकी में कहा गया है कि रघुवंशी ने उन्हें अपने कक्ष में बुलाया और मामले में राहत पाने के लिए भगती नामक व्यक्ति से मिलने को कहा। राउत ने जब इतनी बड़ी रकम जुटाने में अपनी असमर्थता जताई तो भगती ने उनकी बात रघुवंशी से कराई, जिन्होंने मांग घटाकर दो करोड़ रुपए कर दी। उन्होंने बताया कि 2013 बैच के भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) अधिकारी रघुवंशी को कथित तौर पर अभियान के दौरान पकड़ा गया और बाद में पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।