भोपाल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि पहलगाम आतंकी हमले पर भारत की प्रतिक्रिया के बाद सिंदूर वीरता का प्रतीक बन गया है और पाकिस्तान को चेतावनी दी कि गोली का जवाब गोले से दिया जाएगा। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर को देश के इतिहास का सबसे बड़ा और सबसे सफल आतंकवाद विरोधी अभियान भी बताया। लोकमाता देवी अहिल्याबाई महिला सशक्तीकरण महासम्मेलन में मोदी ने कहा, सिंदूर अब देश में वीरता का प्रतीक बन गया है... अगर तुम गोली चलाओगे तो मानकर चलो कि गोली का जवाब गोले से दिया जाएगा। उन्होंने कहा, भारत संस्कृति और परंपराओं का देश है और सिंदूर हमारी परंपरा में नारी शक्ति का प्रतीक है। राम भक्ति में लीन हनुमान जी भी सिंदूर लगाते हैं। हम शक्ति पूजा में सिंदूर चढ़ाते हैं। यह सिंदूर वीरता का प्रतीक बन गया है। प्रधानमंत्री ने कहा, आपरेशन सिंदूर ने डंके की चोट पर कह दिया कि आतंकवादियों के जरिए छद्म युद्ध नहीं चलेगा, अब घर में घुसकर भी मारेंगे और जो आतंकियों की मदद करेगा उसको भी इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। इस महीने की शुरुआत में, भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में नौ आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए, जिसमें जैश-ए-मोहम्मद का गढ़ बहावलपुर और लश्कर-ए-तैयबा का अड्डा मुरीदके शामिल हैं। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 26 नागरिकों के हत्या किए जाने की घटना के दो सप्ताह बाद ऑपरेशन सिंदूर के तहत सैन्य हमले किए गए।
