नई दिल्ली। रक्षा मंत्रालय ने ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित एक निबंध प्रतियोगिता की रविवार को घोषणा की जो एक जून से 30 जून तक आयोजित की जाएगी। मंत्रालय ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट के जरिए बताया कि शीर्ष तीन विजेताओं को 10,000-10,000 रुपए का नकद पुरस्कार मिलेगा और उन्हें दिल्ली के लाल किले में आयोजित होने वाले 78वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में भाग लेने का विशेष अवसर मिलेगा। पहलगाम आतंकवादी हमले के जवाब में भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान में नौ आतंकवादी ढांचों पर सटीक हमले किए थे जिसके बाद पाकिस्तान ने आठ, नौ और 10 मई को भारतीय सैन्य ठिकानों पर हमला करने का प्रयास किया। भारतीय पक्ष ने हवाई अड्डों, वायु रक्षा प्रणालियों, कमान एवं नियंत्रण केंद्रों और रडार स्थलों सहित कई प्रमुख पाकिस्तानी सैन्य प्रतिष्ठानों को भारी नुकसान पहुंचाकर पाकिस्तानी हमलों का कड़ा जवाब दिया। विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने 10 मई को घोषणा की कि भारत और पाकिस्तान के बीच भूमि, वायु और समुद्र में सभी प्रकार की सैन्य कार्वाइयों को रोकने को लेकर सहमति बन गई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार का दावा है कि भारत ने इस ऑपरेशन के जरिए आतंकवाद के विरुद्ध एक नई लाल रेखा खींच दी है। रक्षा मंत्रालय ने एक्स पर लिखा, रक्षा मंत्रालय युवा प्रतिभाओं को अपनी आवाज बुलंद करने के लिए आमंत्रित करता है। ऑपरेशन सिंदूर - आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति को पुनर्परिभाषित करना विषय पर रक्षा मंत्रालय की द्विभाषी निबंध प्रतियोगिता में भाग लें। इसमें कहा गया, प्रतियोगिता की तिथियां: एक जून से 30 जून, 2025 तक। प्रति व्यक्ति एक प्रविष्टि। हिंदी या अंग्रेजी में। मंत्रालय ने प्रतियोगिता और ऑपरेशन सिंदूर के लोगो के बारे में विवरण देने वाला एक पोस्टर भी साझा किया।