मंगलुरु (कर्नाटक)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के एक नेता के खिलाफ सांप्रदायिक तनाव भड़काने वाला भड़काऊ भाषण देने के आरोप में सोमवार को प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस का कहना है कि इस भाषण से सांप्रदायिक तनाव भड़क सकता था और सार्वजनिक शांति भंग हो सकती थी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के. प्रभाकर भट ने 12 मई को एक हिंदूवादी कार्यकर्ता और कुख्यात बदमाश शुहास शेट्टी की याद में आयोजित शोकसभा के दौरान यह कथित भाषण दिया था। शेट्टी की एक मई को मंगलुरु में हत्या कर दी गई थी। पुलिस के एक बयान के अनुसार, यह कार्यक्रम बंटवाल ग्रामीण पुलिस थाने के अंतर्गत कवलपाडुर गांव के मडवा पैलेस कन्वेंशन हॉल में आयोजित किया गया था। पुलिस ने कहा कि इस कार्यक्रम में लगभग 500 लोग मौजूद थे और भट ने इस कार्यक्रम में कथित तौर पर भड़काऊ भाषण दिया जिससे सार्वजनिक सौहार्द बिगड़ सकता था और समुदायों के बीच दुश्मनी बढ़ सकती थी।
पुलिस ने बताया कि भट के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और कानूनी कार्वाई की जा रही है। भट को इस क्षेत्र में बहुत सम्मानित व्यक्ति माना जाता है और उनके खिलाफ पहले कोई अन्य आपराधिक मामला दर्ज नहीं हुआ है। यह घटना दक्षिण कन्नड़ जिले में सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील माहौल को देखते हुए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।