नई दिल्ली। सरकार ने शनिवार को कहा कि अहमदाबाद विमान दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय समिति गठित की गई है और जांच सुचारू रूप से आगे बढ़ रही है। बृहस्पतिवार को दुर्घटनाग्रस्त हुए एअर इंडिया के बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान का ब्लैक बॉक्स शुक्रवार शाम को घटनास्थल से बरामद किया गया। नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने राष्ट्रीय राजधानी में संवाददाता सम्मेलन में कहा, ब्लैक बॉक्स की डिकोडिंग से, विमान दुर्घटना से कुछ क्षण पहले क्या हुआ था, इसकी पूरी जानकारी मिल सकेगी। 
उन्होंने कहा कि देश में विमानन सुरक्षा के बहुत सख्त मानक और मजबूत प्रोटोकॉल हैं तथा सुरक्षा को और बेहतर बनाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। मंत्री ने कहा, विमान दुर्घटना के बारे में जो भी सिद्धांत हैं, उनका विश्लेषण किया जाएगा। गृह सचिव की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय बहु-विषयक समिति सोमवार को बैठक करेगी और उम्मीद है कि समिति तीन महीने में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। नागरिक उड्डयन सचिव समीर कुमार सिन्हा ने कहा कि एअर इंडिया विमान दुर्घटना की जांच सुचारू रूप से जारी है। विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) दुर्घटना की जांच कर रहा है। संवाददाता सम्मेलन से पहले, एअर इंडिया विमान दुर्घटना के पीड़ितों को श्रद्धांजलि देने के लिए एक मिनट का मौन रखा गया।