अहमदाबाद। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शनिवार को विभिन्न स्थलों पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के तहत आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। अमित शाह ने अहमदाबाद शहर के प्रह्लादनगर गार्डन में नागरिकों के साथ योग किया, वहीं मुख्यमंत्री पटेल ने मेहसाणा जिले के वडनगर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में भाग लिया। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि मुख्यमंत्री वडनगर में शर्मिष्ठा झील परिसर में राज्य स्तरीय समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने एक्स पर कहा कि वडनगर के कार्यक्रम में 2,000 से अधिक लोगों ने भुजंगासन करके विश्व रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, गुजरात और भारत के लिए यह गर्व का क्षण है। मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि वडनगर की खूबसूरत शर्मिष्ठा झील पर 2,121 लोगों ने एक साथ भुजंगासन किया, जिससे गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बना। भुजंगासन से रीढ़ की हड्डी में लचीलापन आता है, पीठ मजबूत होती है और फेफड़ों की क्षमता बढ़ती है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधि द्वारा मुख्यमंत्री को जो प्रमाणपत्र सौंपा गया, उसमें लिखा है, सबसे अधिक लोगों द्वारा एक साथ कोबरा मुद्रा (योग) करने का रिकॉर्ड गुजरात राज्य योग बोर्ड द्वारा 21 जून 2025 को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर वडनगर, गुजरात में बनाया गया। मुख्यमंत्री के अनुसार, शनिवार को राज्य भर में लगभग 1.5 करोड़ लोग योग दिवस समारोह में शामिल हुए।