कोलकाता। बीएसएफ ने पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा के पास सोने के 20 बिस्कुट बरामद किए हैं। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जब्त किए गए 2.367 किलोग्राम सोने का अनुमानित बाजार मूल्य 2.31 करोड़ रुपए से अधिक है। अधिकारी ने बताया कि जीतपुर सीमा चौकी पर तैनात 59 बटालियन के जवानों ने बुधवार को सीमा पार करने की कोशिश कर रहे एक साइकिल सवार व्यक्ति को रोका और उसके पास से सोने के बिस्कुट बरामद किए। अधिकारी ने बताया, ैनिरीक्षण करने पर उन्हें साइकिल के पिछले टायर में एक असामान्य उभार दिखाई दिया और जांच करने पर उसके अंदर छिपाकर रखे गए सोने के 20 बिस्कुट बरामद हुए। अधिकारी ने बताया कि हालांकि तस्कर भागने में सफल रहा। मंगलवार को 67 बटालियन के जवानों ने लक्ष्मीपुर सीमा चौकी के पास करीब 2.43 करोड़ रुपए मूल्य का सोना जब्त किया। अधिकारी ने बताया कि बरामद सोना संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया गया है।
