मुंबई। राज ठाकरे के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के सात कार्यकर्ताओं को मराठी न बोलने पर एक दुकान मालिक के साथ मारपीट करने के आरोप में हिरासत में लिया गया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि पुलिस द्वारा नोटिस दिए जाने के बाद आरोपियों को जाने दिया गया। यह घटना मंगलवार को ठाणे जिले के भयंदर इलाके में हुई। सोशल मीडिया पर वायरल हुए हमले के वीडियो में कुछ हमलावर मनसे के चुनाव चिह्न वाले पटके पहने दिखाई दे रहे हैं। एक पुलिस अधिकारी ने पहले बताया था कि खाना खरीदते समय एक आरोपी ने दुकान मालिक से मराठी में बात करने को कहा, जिस पर व्यक्ति ने उनसे सवाल किया। उन्होंने बताया कि इस पर जब एक आरोपी दुकानदार पर चिल्ला रहा था, तो उसके साथ मौजूद कुछ अन्य लोगों ने दुकानदार को थप्पड़ मारे। इसके बाद काशिमीरा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत मनसे के सात कार्यकर्ताओं के खिलाफ दंगा, धमकी और मारपीट का मामला दर्ज किया।
शुक्रवार को पुलिस थाने के उपनिरीक्षक किरण कदम ने बताया कि आरोपियों को थाने लाया गया और उन्हें नोटिस थमाए जाने के बाद जाने दिया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले में आरोपियों के खिलाफ निवारक कार्रवाई की प्रक्रिया में है। कदम ने बताया कि क्षेत्रीय पुलिस उपायुक्त कार्यालय उनसे अच्छे आचरण संबंधी मुचलके पर हस्ताक्षर करवाएगा। मनसे कार्यकर्ता राज्य में वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों और बैंकों में मराठी भाषा के उपयोग पर जोर देने का दबाव बना रहे हैं।