नई दिल्ली। कांग्रेस ने सोमवार को आरोप लगाया कि सरकार का ध्यान छोटे एवं मझोले उद्यमों के बजाय बड़े कारोबारों को आगे बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने एक लेख का हवाला देते हुए यह भी कहा कि बड़े व्यापारिक समूह और भी बड़े हो रहे हैं लेकिन इससे आर्थिक विकास में तेजी नहीं आ रही है। रमेश ने एक्स पर पोस्ट किया, प्रधानमंत्री और उनकी जयकारा मंडली द्वारा औद्योगिक विकास पर बड़े-बड़े दावे किए जाते रहते हैं, लेकिन तीन तथ्य निर्विवाद हैं। उन्होंने कहा कि पहला तथ्य यह है कि सकल घरेलू उत्पाद में उद्योग की हिस्सेदारी घट रही है और इससे उपभोक्ताओं के लिए कीमतें बढ़ी हैं तथा यह मुद्रास्फीति के मुख्य स्रोतों में से एक है। कांग्रेस नेता ने कहा, दूसरा तथ्य यह है कि भारतीय कारोबार में जी25 के भीतर एक जी5 है जिसकी बढ़ती हिस्सेदारी शेष जी20 की कीमत पर आ रही है। तीसरा तथ्य यह है कि बड़े व्यापारिक समूह और भी बड़े हो रहे हैं लेकिन इससे आर्थिक विकास में तेजी नहीं आ रही है, जबकि वास्तव में, यह उल्टा हो सकता है। रमेश ने दावा किया, सरकारों को छोटे और मध्यम कारोबार पर बड़ा दांव लगाना चाहिए। इसके बजाय, मोदी सरकार बड़े कारोबारों पर केंद्रित है।
