बीजिंग। चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग और उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने यहां बैठक की और दोनों देशों के बीच आपसी समर्थन और सहयोग बढ़ाने का संकल्प लिया। सरकारी मीडिया ने यह जानकारी दी। शी और किम अपने देशों के शीर्ष अधिकारियों के साथ बीजिंग के ग्रेट हॉल ऑफ द पीपुल में मिले। इससे एक दिन पहले किम ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन सहित अन्य विदेशी नेताओं के साथ चीनी सैन्य परेड समारोह में शिरकत की थी।
चीनी के सरकारी प्रसारक सीसीटीवी ने अपनी एक खबर में कहा कि शी ने चीन और उत्तर कोरिया के बीच पारंपरिक मित्रता पर ज़ोर दिया और संबंधों को मज़बूत करने और इन्हें आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।