बेंगलुरु।प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कर्नाटक के कांग्रेस विधायक सतीश कृष्ण सैल को कथित अवैध लौह अयस्क निर्यात से जुड़े धनशोधन मामले में गिरफ्तार किया है। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।सूत्रों के अनुसार, उत्तर कन्नड़ जिले के कारवार विधानसभा क्षेत्र से 59 वर्षीय विधायक सैल को 9-10 सितंबर की रात बेंगलुरु स्थित ईडी के क्षेत्रीय कार्यालय में पूछताछ के बाद हिरासत में लिया गया।
उन्होंने बताया कि विधायक को मंगलवार को एक विशेष अदालत में पेश किया गया, जिसने उन्हें ईडी की एक दिन की हिरासत में भेज दिया। बुधवार को उन्हें फिर से अदालत में पेश किया जाएगा, जहां ईडी उनकी हिरासत बढ़ाने की मांग करेगी।सैल पिछले कुछ हफ्तों में ईडी द्वारा गिरफ्तार किए गए दूसरे कांग्रेस विधायक हैं। इससे पहले, पिछले महीने चित्रदुर्ग के विधायक के.सी. वीरेंद्र को अवैध सट्टेबाजी से जुड़े धनशोधन मामले में गिरफ्तार किया गया था।
सैल के खिलाफ मामला एक कंपनी द्वारा कथित तौर पर अवैध रूप से लौह अयस्क निर्यात किए जाने से जुड़ा है, जिसका संबंध उनसे बताया जा रहा है।ईडी की जांच कर्नाटक लोकायुक्त द्वारा 2010 में दर्ज एक मामले से जुड़ी है। लोकायुक्त ने बेल्लारी से बेलेकेरी बंदरगाह तक करीब आठ लाख टन लौह अयस्क अवैध रूप से ले जाए जाने का खुलासा किया था। इस मामले में ईडी ने 13-14 अगस्त को कारवार, गोवा, मुंबई और दिल्ली में छापेमारी की थी।
ईडी के अनुसार, धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत जिन कंपनियों पर छापेमारी की गई, उनमें आशापुरा माइनकेम, श्री लाल महल, स्वास्तिक स्टील्स (होसेपेट), आईएलसी इंडस्ट्रीज और श्री लक्ष्मी वेंकटेश्वर मिनरल्स शामिल थीं।एजेंसी ने एक बयान में कहा कि सांसदों और विधायकों की विशेष अदालत ने श्री मल्लिकार्जुन शिपिंग प्राइवेट लिमिटेड द्वारा अन्य लोगों के साथ मिलकर लौह अयस्क चूर्ण के अवैध निर्यात के मामले में सतीश सैल समेत सभी आरोपियों को दोषी ठहराया था। यह कंपनी सैल की बताई जा रही है।
ईडी ने कहा कि सैल और अन्य के खिलाफ जांच विशेष अदालत द्वारा दिए गए दोषसिद्धि आदेश पर आधारित है। हालांकि, कर्नाटक उच्च न्यायालय ने पिछले साल सैल की सात साल की सजा को निलंबित करने का आदेश दिया था।एजेंसी ने आरोप लगाया कि जांच में यह सामने आया कि सैल ने अन्य व्यावसायिक संस्थाओं और बेलेकेरी बंदरगाह के अधिकारियों के साथ मिलकर 19 अप्रैल 2010 से 10 जून 2010 के बीच करीब 1.25 लाख मीट्िरक टन लौह अयस्क चूर्ण का अवैध निर्यात किया।
ईडी ने कहा, इस कंपनी के माध्यम से सतीश कृष्ण सैल द्वारा किए गए अवैध निर्यात का कुल मूल्य 86.78 करोड़ रुपए था। तलाशी के दौरान ईडी ने सैल के आवास से 1.41 करोड़ रुपए नकद और श्री लाल महल लिमिटेड के कार्यालय से 27 लाख रुपए जब्त किए।इसके अलावा, सैल परिवार के बैंक लॉकर से 6.75 किलोग्राम सोने के आभूषण और सोना भी जब्त किया गया।तलाशी के दौरान आरोपित संस्थाओं के बैंक खातों में मौजूद 14.13 करोड़ रुपए की जमा राशि भी फ्रीज कर दी गई।
