डेहरी ऑन सोन (बिहार) । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को बिहार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं से विपक्षी इंडिया गठबंधन के वोट चोरी संबंधी झूठे विमर्श का पर्दाफाश करने के लिए कहा और लोगों को आगाह किया कि यदि विपक्षी गठबंधन सत्ता में आया तो राज्य घुसपैठियों से भर जाएगा।
भाजपा के पूर्व अध्यक्ष शाह राज्य विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की राजधानी से लगभग 50 किलोमीटर दूर यहां पार्टी कार्यकर्ताओं के एक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा का जिक्र करते हुए शाह ने आरोप लगाया, आप (भाजपा कार्यकर्ता) जानते हैं कि इसका उद्देश्य क्या था? इसका उद्देश्य बांग्लादेश से आए घुसपैठियों की रक्षा करना था।
शाह ने कहा, आपको पूरे राज्य में जाना चाहिए, हर घर में जाना चाहिए और लोगों को बताना चाहिए कि यदि वे (विपक्षी गठबंधन) सत्ता में आ गए तो बिहार का हर जिला घुसपैठियों से भर जाएगा। उन्होंने गांधी के वोट चोरी के आरोप को भी झूठा विमर्श करार दिया और कहा कि उन्होंने (कांग्रेस नेताओं ने) पहले भी इसी तरह की रणनीति अपनाई थी जब उन्होंने आरोप लगाया था कि हम अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों के लिए आरक्षण खत्म करना चाहते हैं, जबकि ऐसा कुछ नहीं हुआ।
