पथनमथिट्टा (केरल)। केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने शनिवार को ग्लोबल अयप्पा संगम में घोषणा की कि भगवान अयप्पा मंदिर तीर्थयात्रा को श्रद्धालुओं के लिए अधिक सुरक्षित और सुगम बनाने के उद्देश्य से सबरीमला क्षेत्र में 1000 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं पर काम किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सन्निधानम, पंबा और अयप्पा मंदिर तक जाने वाले पैदल मार्ग के विकास पर विभिन्न चरणों में कुल 1033.62 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। ए सभी परियोजनाएं 2039 तक पूरी होने की उम्मीद है। कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए विजयन ने कहा कि श्रद्धालुओं के लिए बुनियादी सुविधाओं में सुधार के वास्ते 2025 से 2030 के बीच 300 करोड़ रूपए से अधिक खर्च किए जाएंगे। हालांकि, इस कार्यक्रम का कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने विरोध किया है। विजयन ने कार्यक्रम के विरोध करने वालों का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वयं को श्रद्धालु के तौर पर पेश कर रहे कुछ लोग इस आयोजन को रोकने की कोशिश कर रहे थे और इसके लिए उच्चतम न्यायालय तक पहुंच गए थे। उन्होंने कहा, लेकिन शीर्ष अदालत ने ऐसे प्रयासों पर रोक लगा दी।