ईटानगर।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को आरोप लगाया कि विकास का जो भी काम मुश्किल होता है कांग्रेस उस काम को कभी हाथ नहीं लगाती और यह उसकी पुरानी आदत है हालांकि कांग्रेस की इस आदत से पूर्वाेत्तर को बहुत नुकसान पहुंचा है। ईटानगर के इंदिरा गांधी पार्क में 5,100 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं का अनावरण करने के बाद एक रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने जीएसटी सुधारों की सराहना की और कहा कि नवरात्रि के पहले दिन से कम दरें लागू होने से लोगों को इस त्योहारी सीजन में दोहरी सौगात मिलेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि वह जानते थे कि पूर्वाेत्तर का विकास दिल्ली से नहीं किया जा सकता, इसलिए उन्होंने मंत्रियों और अधिकारियों को इस क्षेत्र में अधिक बार भेजा और वह स्वयं यहां 70 से अधिक बार आए। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, कांग्रेस की एक पुरानी आदत है कि विकास का जो भी काम मुश्किल होता है, उस काम को वह कभी हाथ ही नहीं लगाती। कांग्रेस की इस आदत से पूर्वाेत्तर को बहुत नुकसान हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की पूर्व सरकारें जो सीमा से सटे गांव थे, उन्हें लास्ट विलेज कहकर पल्ला झाड़ लेती थीं और यही कारण है कि सीमावर्ती क्षेत्रों से लोगों का पलायन होता गया। मोदी ने कहा कि जिन क्षेत्रों को कभी सड़क निर्माण के लिए असंभव माना जाता था, वहां अब आधुनिक राजमार्ग हैं।