न्यूयॉर्क/वाशिंगटन।अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा करने के लिए व्हाइट हाउस में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर से मुलाकात की। बृहस्पतिवार को कई कार्यकारी आदेशों पर हस्ताक्षर करने के बाद व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि एक महान नेता आ रहे हैं। ट्रंप ने कहा, असल में हमारे पास एक महान नेता आ रहे हैं, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री और पाकिस्तान के फील्ड मार्शल। फील्ड मार्शल एक शानदार इंसान हैं और प्रधानमंत्री भी। यह ट्रंप और शरीफ के बीच पहली औपचारिक द्विपक्षीय बातचीत थी, जो जुलाई 2019 में पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान द्वारा ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान उनसे मुलाकात के छह साल बाद हुई है।
