चेन्नई।तमिलनाडु में करूर के वेलुचामीपुरम में मची भगदड़ में मृतकों की संख्या बढ़कर 40 हो गई है जिनमें नौ बच्चे शामिल हैं। इस घटना से अभिनेता से नेता बने विजय की तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के सदस्य स्तब्ध हैं। शनिवार को टीवीके की रैली में कथित तौर पर खराब व्यवस्था के लिए पार्टी को कई हलकों से तीखी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है।तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एवं अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) महासचिव के. पलानीस्वामी ने रविवार को दावा किया कि यहां टीवीके की राजनीतिक रैली में हुई भगदड़ पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा में हुई चूक का सबूत है। पुलिस ने हालांकि दावा किया कि स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई, क्योंकि अभिनेता को देखने के लिए अपेक्षित संख्या से कहीं अधिक हजारों लोग एकत्र हुए थे। कार्यक्रम स्थल पर जूतों और चप्पलों के ढेर, कुचली हुई पानी की बोतलें, फटे हुए पार्टी झंडे, कपड़ों के टुकड़े, टूटे हुए डंडे और तरह-तरह के कूड़े-कचरे के ढेर उस दुखद घटना की याद दिलाते हैं।
