जम्मू।जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के एक सुदूर इलाके में मंगलवार शाम आतंकवादियों और पुलिस दल के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
 
 
जम्मू के पुलिस महानिरीक्षक भीम सेन टूटी ने कहा कि कांडी के बीरंथूब इलाके में मुठभेड़ के बाद संयुक्त तलाशी अभियान जारी है।
आईजीपी ने कहा, राजौरी के कांडी पुलिस थाने के बीरंथूब इलाके में आतंकवादियों और एसओजी (विशेष अभियान समूह) टीम के बीच गोलीबारी हुई। पुलिस, सेना और सीआरपीएफ की संयुक्त टुकडय़िां मौके पर पहुंच गईं और इलाके की घेराबंदी की। 
अधिकारियों ने बताया कि शाम करीब 7.20 बजे ढेरी खातूनी जंगल में आतंकवादियों और पुलिस दल के बीच हुई मुठभेड़ में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
 
 
उन्होंने बताया कि स्थानीय पुलिस के विशेष कार्य दल (एसओजी) ने संदिग्ध व्यक्तियों की आवाजाही की सूचना मिलने के बाद तलाश अभियान शुरू किया था, उसी दौरान गोलीबारी हुई।अधिकारियों ने बताया कि अंतिम रिपोर्ट मिलने तक पूरे क्षेत्र की कड़ी घेराबंदी कर दी गई है और तलाश अभियान जारी है। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने मंगलवार शाम उधमपुर जिले के बसंतगढ़ के धरनी टॉप इलाके में घेराबंदी और तलाश अभियान शुरू किया। कुछ स्थानीय लोगों द्वारा तीन संदिग्ध आतंकवादियों की गतिविधि की सूचना मिलने के बाद यह अभियान शुरू किया गया।