हिंडन (उप्र)। वायुसेना प्रमुख ए.पी. सिंह ने बुधवार को कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान दुश्मन के ठिकानों पर भारतीय वायुसेना के साहसिक और सटीक हमलों ने राष्ट्रीय चेतना में आक्रामक हवाई कार्वाई के उचित स्थान को बहाल किया। वायु सेना प्रमुख ने कहा कि उनकी सेना ने दुनिया के समक्ष यह साबित कर दिया कि वायु शक्ति का उपयोग कुछ ही दिनों में सैन्य परिणामों को आकार देने में कैसे प्रभावी ढंग से किया जा सकता है। एयर चीफ मार्शल सिंह ने हिंडन एयरबेस पर 93वें वायुसेना दिवस के अवसर पर वायु योद्धाओं को संबोधित करते हुए ऑपरेशन सिंदूर की सफलता की सराहना की। भारतीय वायु सेना (आईएएफ) की आधिकारिक स्थापना आठ अक्टूबर 1932 को हुई थी। वायु सेना प्रमुख ने वायु योद्धाओं से भविष्य की सुरक्षा चुनौतियों के लिए तैयार रहने का आह्वान किया और इस बात पर बल दिया कि भारतीय वायुसेना की योजना नवोन्मेषी, व्यावहारिक और अनुकूलनीय होनी चाहिए तथा इसका प्रशिक्षण जैसे हम लड़ते हैं वैसे ही प्रशिक्षण लें के सिद्धांत पर आधारित होना चाहिए।
