बीजिंग। चीन ने बृहस्पतिवार को पांच साल के अंतराल के बाद भारत के साथ सीधी उड़ानें बहाल किए जाने को सकारात्मक कदम करार दिया। चीन ने कहा कि इससे पता चलता है कि दोनों देश द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रपति शी चिनफिंग के बीच बनी सहमति पर ईमानदारी से काम कर रहे हैं।
चीन के आठ दिवसीय राष्ट्रीय अवकाश के बाद विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने पहली प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि उड़ानें अक्टूबर के अंत तक पुन: शुरू हो जाएंगी।भारत ने दो अक्टूबर को घोषणा की थी कि चीन के लिए सीधी उड़ानें 26 अक्टूबर से फिर से शुरू होंगी।
गुओ ने एक सवाल के जवाब में कहा, यह नवीनतम कदम दर्शाता है कि किस प्रकार दोनों देश 31 अगस्त को तियानजिन में राष्ट्रपति शी चिनफिंग और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बीच बनी महत्वपूर्ण आम समझ पर ईमानदारी से काम कर रहे हैं। मोदी और चिनफिंग ने तियानजिन में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन के इतर मुलाकात की थी और अक्टूबर 2024 में रूस के कज़ान में अपनी पिछली बैठक के बाद से द्विपक्षीय संबंधों में सकारात्मक और लगातार हो रही प्रगति का स्वागत किया था।
गुओ ने कहा कि चीन, भारत के साथ मिलकर द्विपक्षीय संबंधों को रणनीतिक और दीर्घकालिक परिप्रेक्ष्य में देखने और प्रबंधित करने तथा अच्छे पड़ोसी और साझेदार बनने के लिए तैयार है, जो एक-दूसरे की सफलता के लिए सहयोग करें।
