वाशिंगटन। अमेरिका ने ईरानी ऊर्जा बिक्री को बढ़ावा देने के आरोप में 50 से अधिक संस्थाओं, व्यक्तियों और जहाजों पर प्रतिबंध लगाए हैं, जिनमें दो भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। यह कदम तेहरान की ऊर्जा निर्यात प्रणाली के प्रमुख तत्वों को ध्वस्त करने के उद्देश्य से उठाया गया है। अमेरिकी वित्त मंत्रालय के विदेशी संपत्ति नियंत्रण कार्यालय (ओएफएएसी) ने बृहस्पतिवार को इन प्रतिबंधों की घोषणा की। एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है, इन लोगों ने सामूहिक रूप से अरबों डॉलर मूल्य के पेट्रोलियम और उसके उत्पादों के निर्यात को सक्षम बनाया, जिससे ईरानी शासन को उन आतंकवादी समूहों के लिए बड़ा राजस्व मिला जो अमेरिका के लिए खतरा हैं। प्रतिबंध ईरान के पेट्रोलियम और पेट्रोकेमिकल निर्यात को सीमित करने के प्रयासों का हिस्सा हैं।
