वेरावल (गुजरात)। गुजरात की तीन दिवसीय यात्रा पर पहुंची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गिर सोमनाथ जिले में स्थित प्रसिद्ध सोमनाथ महादेव मंदिर में शुक्रवार को पूजा-अर्चना की।मुर्मू बृहस्पतिवार शाम गुजरात पहुंची थीं।गुजरात सरकार की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि शुक्रवार को उन्होंने वेरावल शहर के समीप भगवान शिव को समर्पित 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक सोमनाथ महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना और आरती की।विज्ञप्ति में कहा गया है कि राष्ट्रपति ने शिवजी का गंगा जल से अभिषेक किया और मंत्रोच्चार के बीच सोमेश्वर महापूजा की।विज्ञप्ति में कहा गया कि राष्ट्रपति मुर्मू ने मंदिर परिसर में स्थापित सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि भी अर्पित की। उन्होंने कहा कि पटेल ने स्वतंत्रता के बाद मंदिर के पुनर्निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
