गढ़चिरौली। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में शीर्ष नक्सली मल्लोजुला वेणुगोपाल उर्फ भूपति और 60 अन्य नक्सलियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
 
 
एक अधिकारी ने बताया कि नक्सलियों ने सोमवार देर रात पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। सूत्रों के अनुसार, वेणुगोपाल उर्फ भूपति उर्फ सोनू को माओवादी संगठन में सबसे प्रभावशाली रणनीतिकारों में से एक माना जाता था और उसने लंबे समय तक महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा पर प्लाटून अभियानों की निगरानी की थी।
 
 
उन्होंने कहा कि हाल के महीनों में भूपति और शीर्ष नक्सली नेतृत्व के बीच बढ़ते मतभेदों के कारण आंतरिक संघर्ष पैदा हो गया था। भूपति ने दावा किया था कि हथियार के बल पर संघर्ष विफल हो गया है और उसने घटते जन समर्थन एवं सैकड़ों कार्यकर्ताओं के मारे जाने का हवाला देते हुए शांति एवं संवाद की ओर रुख करने की अपील की थी।