संभल । संभल पुलिस की एक टीम बुधवार को लगभग सात करोड़ रुपएं के निवेश धोखाधड़ी मामले मशहूर हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब के दिल्ली स्थित आवास पहुंची। हालांकि, वह घर पर नहीं मिले।पुलिस अधीक्षक(संभल) कृष्ण बिश्नोई ने बताया कि हबीब पूछताछ से बच रहे हैं और मामला सामने आने के बाद से फरार हैं। उन्होंने कहा कि हबीब से जांच में शामिल होने के लिए कहा गया है।
बिश्नोई ने कहा, अगर वह ऐसा नहीं करते हैं, तो पुलिस अदालत से उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी करने का अनुरोध करेगी। उन्होंने कहा कि हबीब को 12 अक्टूबर को पूछताछ के लिए बुलाया गया था, लेकिन वह पेश नहीं हुए और इसके बजाय अपने वकील को भेजा, जिन्होंने दावा किया कि वह जरूरी कागजात नहीं दे सकते।
इसके बाद, पुलिस ने तलाशी वारंट प्राप्त किया और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी स्थिति ए-292 इमारत की पहली मंजिल के उनके आवास पहुंची जहां वह नहीं मिले। पुलिस ने दावा किया कि 150 से ज़्यादा लोगों के साथ धोखाधड़ी हुई है। हालांकि अब तक 33 पीड़ितों से शिकायतें मिली हैं।
