गुवाहाटी। असम के जाने-माने गायक एवं गीतकार जुबिन गर्ग की मृत्यु के एक महीना बीतने पर रविवार को उनके परिवार के सदस्यों एवं बड़ी संख्या में प्रशंसकों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।गायक की मौत के एक महीने बाद भी उनकी मौत की गुत्थी सुलझी नहीं है। जुबिन की 19 सितंबर को सिंगापुर में समुद्र में डूबने से मौत हो गई थी।जुबिन की पत्नी गरिमा ने कहा कि परिवार और राज्य के लोग यह जानना चाहते हैं कि उनके अंतिम क्षणों में क्या हुआ था। उन्होंने कानूनी व्यवस्था पर विश्वास जताया।गुवाहाटी के बाहरी इलाके सोनापुर में जुबिन के अंतिम संस्कार स्थल पर रविवार सुबह से ही सैकड़ों लोग अपने प्रिय गायक-संगीतकार को श्रद्धांजलि देने आ रहे हैं।जुबिन के प्रशंसक और दोस्त भी शहर के काहिलीपारा इलाके में स्थित उनके आवास और चिड़ियाघर मार्ग वाले इलाके में स्थित उनके स्टूडियो में पहुंचे। राज्य पुलिस के अपराध जांच विभाग (सीआईडी) का 10 सदस्ईय विशेष जांच दल (एसआईटी) जुबिन की मौत के मामले की जांच कर रहा है। इस मामले में अब तक सात लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
