सिंगापुर। भारत और सिंगापुर के बीच राजनयिक संबंधों की 60वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में सूरजमुखी की एक प्रदर्शनी का आरंभ बुधवार को यहां एक शहरी पार्क में किया गया। सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले ने मरिना जलाशय के पास स्थित 105 हेक्टेयर में फैले गार्डन्स बाय द बे में सूरजमुखी की 20 किस्में प्रस्तुत कीं।उन्होंने इस अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में कहा, आज हम प्रकृति के सबसे हर्षित और ऐतिहासिक फूलों में से एक सूरजमुखी का उत्सव मना रहे हैं। सनफ्लावर सरप्राइज प्रदर्शनी में हम सूरजमुखी की विभिन्न प्रजातियों का एक जीवंत प्रदर्शन देख रहे हैं, जिन्हें स्नेहपूर्वक उगाया गया है और कलात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया है। इस भव्य प्रदर्शनी में जयपुर की ऐतिहासिक इमारतों के मॉडल भी प्रदर्शित किए गए। अंबुले ने कहा, हर सूरजमुखी की किस्म अपनी अलग कहानी बयां करती है- रंग, दृढ़ता और आनंद की कहानी। कार्यक्रम में सिंगापुर की मंत्री इंद्रनी राजा मुख्य अतिथि रहीं और करीब 100 लोगों ने इसमें भाग लिया।सिंगापुर में राजनयिक संबंधों की 60वीं वर्षगांठ के तहत आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला की जानकारी देते हुए अंबुले ने बताया, इस वर्ष हमने कई महत्वपूर्ण आयोजन किए हैं जैसे भारतीय फिल्म महोत्सव, बिरयानी महोत्सव, भारतीय थिएटर महोत्सव आदि।
