बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में बृहस्पतिवार को एक ईंट भट्ठे की दीवार गिर जाने से दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।जिले के चांदीनगर थाना प्रभारी अतर सिंह ने बताया कि लहचौड़ा-गौना मार्ग पर स्थित एएसपी महादेव ब्रिक फील्ड में रोजाना की तरह बृहस्पतिवार को भी काम चल रहा था। इसी दौरान ईंटें भरते समय अचानक दीवार भरभरा कर गिर पड़ी। सिंह ने बताया कि दीवार गिरने से भट्ठे के दिनेश यादव (50) और राजेंद्र (60) समेत चार मजदूर मलबे के नीचे दब गए, अन्य मजदूरों ने किसी तरह उन्हें बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।उन्होंने बताया कि राजेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दिनेश यादव ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया, इसके बाद दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।