जयपुर। राजस्थान के बालोतरा जिले में एक महिला कथित तौर पर अपने तीन बच्चों के साथ पानी की एक हौद में कूद गई और चारों की मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार जसोल थानाक्षेत्र के टापरा गांव की पनौतरी नाड़ी में महिला और उसके तीन बच्चों के शव बृहस्पतिवार सुबह पारिवारिक खेत के पास पानी की एक हौद (टांके) से बरामद किए गए। सिवाना के पुलिस उपाधीक्षक नीरज शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि ममता (32) पिछले दस दिन से अपने परिवार के साथ टापरा गांव से लगभग तीन किलोमीटर दूर स्थित अपने खेत में फसल कटाई के लिए रह रही थी। शर्मा ने कहा, बुधवार रात खाना खाने के बाद परिवार के सभी सदस्य सोने चले गए। बाद में ममता कथित तौर पर अपने तीन बच्चों - बेटे नवीन (सात), रुगाराम (चार) और मानवी (छह महीने) को लेकर पानी की टंकी में कूद गई।
