पटना। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव यह तय करेगा कि राज्य में फिर से जंगलराज की वापसी होगी या जनता विकास की राह चुनते हुए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को समर्थन देगी। शाह ने एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, मैं छठी मइया से प्रार्थना करता हूं कि बिहार हमेशा जंगलराज से मुक्त रहे। 
 
 
उन्होंने कहा कि राजग पांच पांडवों का गठबंधन है और इसके शासनकाल में गंभीर अपराधों में उल्लेखनीय कमी आई है। शाह ने दावा किया कि राजग के शासन में हत्या के मामलों में 20 प्रतिशत की गिरावट आई है और डकैती की घटनाओं में 80 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। 
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार के समग्र विकास के लिए काम कर रहे हैं, लेकिन लालू प्रसाद सिर्फ अपने परिवार का विकास चाहते हैं।  लालू प्रसाद पर विभिन्न घोटालों में शामिल रहने का आरोप लगाते हुए शाह ने कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के दौरान 12 लाख करोड़ रुपए के घोटाले हुए।