नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल सहित देश के विभिन्न राज्यों में उगाई जाने वाली कॉफी विश्व स्तर पर लोकप्रिय हो रही है। प्रधानमंत्री ने अपने मासिक रेडियो संबोधन मन की बात के 127वें संस्करण में यह भी कहा कि पूर्वाेत्तर भी कॉफी की खेती में आगे बढ़ रहा है और इससे दुनिया भर में भारतीय कॉफी की पहचान और मजबूत हो रही है।
उन्होंने कहा, दुनिया भर में भारत की कॉफी बहुत लोकप्रिय हो रही है। चाहे कर्नाटक में चिकमंगलुरु, कुर्ग और हासन हो या तमिलनाडु में पुलनी, शेवरॉय, नीलगिरी और अन्नामलाई के इलाके हों। कर्नाटकतमिलनाडु सीमा पर नीलगिरि क्षेत्र हो या फिर केरल में वायनाड, त्रावणकोर और मालाबार के इलाके हों - भारत की कॉफी की विविधता देखते ही बनती है। मोदी ने आगे बताया कि कि कोरापुट (ओडिशा) की कॉफी भी लोकप्रियता हासिल कर रही है।
कुछ लोगों ने कॉफी की खेती के अपने जुनून को पूरा करने के लिए आकर्षक कॉरपोरेट नौकरियां छोड़ दी हैं। प्रधानमंत्री ने कहा, उन्हें कॉफी इतनी पसंद आई कि वे इस क्षेत्र में आ गए और अब इसमें सफलतापूर्वक काम कर रहे हैं। कई महिलाएं भी हैं, जिनके जीवन में कॉफी की वजह से सुखद बदलाव आया है। कोरापुट क्षेत्र अपनी अनूठी कृषि-जलवायु के लिए जाना जाता है जो उच्च गुणवत्ता वाली अरेबिका कॉफी के लिए उपयुक्त हैं। राज्य में लगभग 5,000 हेक्टेयर भूमि पर कॉफी की खेती होती है।
