बेंगलुरु । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद तेजस्वी सूर्या ने बृहस्पतिवार को कहा कि कर्नाटक राज्य प्रशासनिक न्यायाधिकरण (केएसएटी) ने आरएसएस के पथ संचलन में भाग लेने पर निलंबित किए गए एक पंचायत विकास अधिकारी (पीडीओ) के मनमाने निलंबन पर रोक लगा दी है। बेंगलुरू दक्षिण से सांसद और पेशे से वकील सूर्या ने कहा कि उनके विधि कार्यालय ने रायचूर जिले में लुंगासुगुर पीडीओ प्रवीण कुमार के निलंबन को चुनौती दी थी। सूर्या ने एक्स पर पोस्ट किया, मेरे विधि कार्यालय ने रायचूर के लिंगासुगुर में आरएसएस के पथ संचलन में भाग लेने पर निलंबित कर दिए गए पीडीओ प्रवीण कुमार के.पी. के मनमाने निलंबन को माननीय कर्नाटक राज्य प्रशासनिक न्यायाधिकरण के समक्ष चुनौती दी थी। उन्होंने लिखा, केएसएटी ने आज निलंबन आदेश पर रोक लगा दी, जो राजनीतिक दबाव के कारण मनमाने ढंग से पारित किया गया था।