छपरा/मुजफ्फरपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को बिहार में विपक्षी दल कांग्रेस-राजद गठबंधन पर छठी मैया का अपमान करने, अयोध्या में राम मंदिर से समस्याएं होने और वोट बैंक तथा तुष्टिकरण की राजनीति के लिए घुसपैठियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया।
प्रधानमंत्री ने मुजफ्फरपुर और छपरा में अपनी रैलियों में यह टिप्पणी की। उनका यह बयान कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा बुधवार को यह आरोप लगाए जाने के एक दिन बाद आया है कि प्रधानमंत्री ने छठ पूजा के अवसर पर दिल्ली में यमुना में डुबकी लगाने की योजना बनाकर नाटक करने की कोशिश की, लेकिन यह बात उजागर होने के बाद इसे स्थगित कर दिया गया कि नदी अस्वच्छ होने के कारण एक गड्ढा बनाकर उसमें साफ पानी भरा गया है।प्रधानमंत्री ने राज्य के लोगों से नरेन्द्र-नीतीश गठबंधन में अपना विश्वास बनाए रखने का आग्रह किया। उनका स्पष्ट इशारा जद(यू) अध्यक्ष की ओर था, जो बिहार के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे हैं।