वायनाड (केरल)। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा ने बृहस्पतिवार को कहा कि देश में महिलाओं की हिस्सेदारी 50 प्रतिशत है और जब वे राजनीतिक ताकत के रूप में अपनी शक्ति का इस्तेमाल करती हैं तो वे देश को आकार दे सकती हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रयासों को अक्सर नजरअंदाज किया जाता है। चाहे उनका पारिवारिक या सामाजिक दर्जा कुछ भी हो।
 
 
उन्होंने कहा कि लेकिन जब भी परिवार या समाज किसी कठिनाई में होता है तब महिलाएं ही सबसे मजबूती से खड़ी रहती हैं।पदिनजरथरा पंचायत द्वारा आयोजित कदंबश्री सीडीएस वार्षिक समारोह में वायनाड की सांसद प्रियंका गांधी ने कहा, अपनी सामूहिक शक्ति को पहचान कर आप इस देश को नई दिशा दे सकती हैं।
 
 
आप हमारे देश की 50 प्रतिशत आबादी हैं, और आपको एकजुट होकर इस शक्ति को राजनीतिक ताकत के रूप में भी इस्तेमाल करना चाहिए।  प्रियंका गांधी ने आगे कहा, मुझे उम्मीद है कि आप में से अधिक से अधिक महिलाएं राजनीति में आएंगी, नेतृत्व करेंगी और पुरुषों को यह दिखाएंगी कि जब महिलाएं मजबूती से खड़ी होती हैं और अपने अंदर की ताकत को पहचानती हैं, तो वे कितना कुछ कर सकती हैं।