हाइफा। इजराइल के हाइफा में दूसरे भारतीय फिल्म महोत्सव की भव्य शुरुआत हुई। दो हफ्ते तक चलने वाले इस महोत्सव के उद्घाटन समारोह में 200 से ज्यादा लोगों ने शिरकत की, जबकि यरूशलम में बड़े पैमाने पर विरोध-प्रदर्शनों के कारण पूरे देश में यातायात प्रभावित है।
भारत को वैश्विक फिल्म निर्माण केंद्र के रूप में विकसित करने के भारत सरकार के प्रयासों के बीच इजराइल स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीय फिल्म जगत की समृद्ध और विविध विरासत का जश्न मनाने के लिए बृहस्पतिवार को हाइफा नगर पालिका के साथ मिलकर भारतीय फिल्म महोत्सव के उद्घाटन समारोह का आयोजन किया।
भारतीय दूतावास ने इससे पहले फरवरी में एक फिल्म महोत्सव का आयोजन किया था, जिसने भारत के प्रति उत्साह रखने वाले इजराइलियों को बड़े पैमाने पर आकर्षित किया था। इसी के मद्देनजर कार्यक्रम के दूसरे संस्करण के आयोजन का फैसला लिया गया।इजराइल के मशहूर फिल्म निर्माता डैन वोलमैन ने दूसरे भारतीय फिल्म महोत्सव के आयोजन को एक महत्वपूर्ण पहल बताया, क्योंकि इससे गुणवत्तापूर्ण भारतीय सिनेमा न केवल तेल अवीव और यरूशलम जैसे बड़े शहरों में, बल्कि देशभर के छोटे कस्बों में भी पहुंचेगा।
दो दिन तक चलने वाले इस फिल्म महोत्सव के दौरान पद्मावत , गंगूबाई काठियावाड़ी , जवान , दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे , अंधाधुन और 12वीं फेल जैसी सुपरहिट बॉलीवुड फिल्में हाइफा, नेतन्या, अफुला, तेल अवीव और डिमोना ( लिटिल इंडिया के नाम से प्रसिद्ध) में दिखाई जाएंगी।
