पटना। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने शुक्रवार को बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र जारी किया, जिसमें एक करोड़ युवाओं को रोजगार देने, एक करोड़ लखपति दीदी बनाने, चार शहरों में मेट्रो ट्रेन सेवाएं शुरू करने और राज्य में सात अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे विकसित करने जैसे कई वादे किए गए हैं।
 
घोषणापत्र में सात एक्सप्रेस-वे, 10 औद्योगिक पार्क, केजी से पीजी तक नि:शुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे अनुसूचित जातिाअनुसूचित जनजाति वर्ग के छात्रों को प्रतिमाह 2,000 रुपए की सहायता राशि जैसी कई योजनाओं की घोषणा की गई है।
 घोषणापत्र के अनुसार, राजग के सत्ता में आने पर विश्वस्तरीय मेडिसिटी , प्रत्एक जिले में एक मेडिकल कॉलेज, पांच लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज, मुफ्त राशन और 50 लाख नए पक्के मकान उपलब्ध कराए जाएंगे।
 
 
 साथ ही, सीतामढ़ी जिले स्थित देवी सीता के जन्मस्थान माने जाने वाले पुनौरा धाम जानकी मंदिर को सीतापुरम नाम देने की घोषणा भी की गई है। राजग का यह 69 पृष्ठों का घोषणापत्र मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, जीतन राम मांझी, चिराग पासवान और गठबंधन दलों के अन्य नेताओं की मौजूदगी में जारी किया गया।
 
 
सम्राट चौधरी ने कहा कि राजग के सत्ता में लौटने पर एक करोड़ से अधिक सरकारी नौकरियां और रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे तथा राज्य में कौशल आधारित रोजगार को बढ़ावा देने के लिए स्किल जनगणना कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि हर जिले में मेगा स्किल सेंटर स्थापित किए जाएंगे जिन्हें आगे चलकर ग्लोबल स्किलिंग सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत महिलाओं को आत्मनिर्भरता के लिए अधिकतम दो लाख रुपए तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी।