ट्रम्प ने कहा मोदी मेरे दोस्त हैं और अच्छे व्यक्ति हैं
न्यूयॉर्क/वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह अगले वर्ष भारत की यात्रा कर सकते हैं। साथ ही उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री को एक अच्छा व्यक्ति और मित्र बताते हुए कहा कि नरेन्द्र मोदी चाहते हैं कि वह भारत आएं। ट्रंप ने ओवल ऑफिस में बृहस्पतिवार को एक सवाल पर कहा, वह (प्रधानमंत्री मोदी) मेरे दोस्त हैं, हम बात करते रहते हैं... वह चाहते हैं कि मैं वहां आऊं। हम इस पर विचार कर रहे हैं। मैं जाऊंगा। मैंने वहां प्रधानमंत्री मोदी के साथ एक शानदार यात्रा की थी। वह एक अच्छे व्यक्ति हैं। मैं फिर जाऊंगा। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह अगले साल भारत की यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो ट्रंप ने जवाब दिया, हां, हो सकता है।
क्वाड शिखर सम्मेलन की मेजबानी भारत करेगा
भारत नई दिल्ली में क्वाड (चतुष्पक्षीय सुरक्षा संवाद) शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा, जिसमें ऑस्ट्रेलिया, जापान और अमेरिका के नेता भाग लेंगे। इससे पहले 2024 का शिखर सम्मेलन विलमिंगटन (डेलावेयर) में आयोजित हुआ था। बहरहाल, भारत में होने वाले सम्मेलन की तारीखों की घोषणा अभी नहीं हुई है।इस बीच, राष्ट्रपति ट्रंप ने एक बार फिर दावा किया कि भारत ने रूस से खरीदारी बंद कर दी है। ट्रंप ने मोदी के साथ वार्ता और भारत के साथ व्यापार चर्चा की प्रगति के बारे में पूछे गए एक सवाल पर कहा, यह बहुत अच्छी है, सब अच्छा चल रहा है। उन्होंने (प्रधानमंत्री मोदी ने) रूस से तेल खरीदना बंद कर दिया... काफी हद तक उन्होंने रूस से तेल खरीदना बंद कर दिया।
ट्रम्प ने भारत को लेकर कई दावे किये
ट्रंप ने भारत पर 25 प्रतिशत जवाबी शुल्क और रूसी तेल की खरीद के लिए अतिरिक्त 25 प्रतिशत कर लगाया, जिससे भारत पर लगाया गया कुल शुल्क 50 प्रतिशत हो गया। भारत ने अमेरिकी कार्वाई कोअनुचित, अन्यायपूर्ण और अव्यवहारिकै बताया था और कहा था कि उसकी ऊर्जा नीति राष्ट्रीय हितों से प्रेरित है। पत्रकारों के समक्ष अपनी टिप्पणी में ट्रंप ने इस दावे को भी दोहराया कि उन्होंने व्यापार के माध्यम से मई में भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध को रोका था।उन्होंने कहा, मैंने आठ युद्ध खत्म कराए जिनमें से पांच या छह तो शुल्क (टैरिफ) के जरिए खत्म कराए। मैं आपको एक उदाहरण देता हूं। अगर आप भारत और पाकिस्तान को देखें तो उन्होंने लड़ाई शुरू कर दी थी। वे दोनों परमाणु संपन्न देश हैं...वे एक-दूसरे पर गोलीबारी कर रहे थे। आठ विमान गिरा दिए गए थे। पहले सात थे। अब आठ हैं क्योंकि एक विमान जो मार गिराया गया था, उसे अब छोड़ दिया गया है। आठ विमान गिराए गए।
ट्रंप ने टैरिफ बढ़ाकर युद्ध रुकवाए
ट्रंप ने कहा, और मैंने कहा, सुनो, अगर तुम लोग लड़ते रहोगे तो मैं तुम पर शुल्क लगा दूंगा। वे दोनों खुश नहीं थे लेकिन 24 घंटे के भीतर मैंने वह युद्ध सुलझा दिया। अगर मेरे पास शुल्क (टैरिफ) न होता तो मैं वह युद्ध नहीं रोक पाता। राष्ट्रपति ट्रंप ने शुल्क को राष्ट्रीय रक्षा का एक बड़ा माध्यम भी बताया। ट्रंप ने 10 मई को सोशल मीडिया पर घोषणा की थी कि भारत और पाकिस्तान वाशिंगटन की मध्यस्थता में देर रात तक चली बातचीत के बाद पूर्ण और तत्काल संघर्षविराम पर सहमत हो गए हैं।
भारत ने किसी भी तीसरे पक्ष की मध्यस्थता से हमेशा इनकार किया
इसके बाद से वह 60 से अधिक बार यह दावा दोहरा चुके हैं। हालांकि, भारत ने किसी भी तीसरे पक्ष की मध्यस्थता से हमेशा इनकार किया है। भारत ने 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए हमले के जवाब में सात मई को ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया, जिसके तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादी ढांचे को निशाना बनाया गया, जिसमें 26 नागरिक मारे गए थे। भारत और पाकिस्तान के बीच चार दिनों तक सीमा पार से ड्रोन और मिसाइल हमलों के बाद संघर्ष को समाप्त करने के लिए 10 मई को सहमति बनी।
