गुवाहाटी। भारतीय वायु सेना अगले दो दिनों में गुवाहाटी में पूर्वाेत्तर क्षेत्र का पहला बड़ा एयर शो आयोजित करने जा रही है।  इस दौरान देश के प्रमुख लड़ाकू विमान जैसे राफेल, सुखोई-30, एपाचे और आईएल-78 रिफ्यूलर एयर शो में देखे जा सकेंगे। भारतीय वायु सेना के 93वें स्थापना दिवस के अवसर पर, ईस्टर्न एयर कमांड शनिवार और रविवार को लाचित घाट में एयर शो का आयोजन कर रही है।
 
 
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रविवार को ईस्टर्न एयर कमांड के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ एयर मार्शल सुरत सिंह की उपस्थिति में इस एयर शो का अवलोकन करेंगे। इसके साथ ही राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य और मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। रक्षा विभाग के जनसंपर्क अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल महेंद्र रावत ने पीटीआई-भाषा को बताया,यह पहली बार है जब भारतीय वायु सेना पूर्वाेत्तर में इस तरह का विस्तारित एयर शो आयोजित कर रही है। वायु सेना के लगभग सभी प्रकार के विमान और हेलीकॉप्टर प्रदर्शित किए जाएंगे। यहां के लोग हमारे आकाश योद्धाओं को करीब से देख सकेंगे।
 
 
उन्होंने बताया कि इस प्रदर्शन में अग्रिम पंक्ति के लड़ाकू विमान, परिवहन विमान और हेलीकॉप्टर समन्वित आकृतियों में उड़ान भरेंगे। यह हवाई शो गति, कौशल और तालमेल का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत करेगा, जिससे नागरिकों को देश की हवाई शक्ति को नजदीक से देखने का दुर्लभ अवसर मिलेगा।  रावत ने कहा, ैइस प्रदर्शन का उद्देश्य पूर्वाेत्तर के युवाओं को प्रेरित करना है। यह वायु सेना में करियर के अवसरों को प्रदर्शित करेगा और देशभक्ति, अनुशासन व सेवा की भावना को बढ़ावा देगा। फ्लाइपास्ट आम जनता के लिए खुला रहेगा और नदी के दोनों किनारों पर दर्शकों के लिए विशेष क्षेत्र निर्धारित किए गए हैं।