सीतामढ़ी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 65.08 प्रतिशत मतदान का जिक्र करते हुए कहा कि जंगलराज वालों को 65 वोल्ट का झटका लगा है। सीतामढ़ी में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मोदी ने महागठबंधन व राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष बच्चों से रंगदार बनने के या कट्टा जैसे नारे लगवा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता को कट्टा सरकार नहीं चाहिए। प्रधानमंत्री ने दावा किया कि बिहार में लोग राजद नीत विपक्ष को वोट इसलिए नहीं दे रहे हैं क्योंकि उन्हें डर है कि अगर राजद नीत गठबंधन सत्ता में आया तो शासन उनके सिर पर कट्टा रख देगा। मोदी ने राज्य के सीतामढ़ी जिले में एक रैली में कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) बेहतर शिक्षा और खेल जैसे क्षेत्रों में विकास के अलावा स्टार्ट-अप उद्यमों को भी बढ़ावा दे रहा है।
