किशनगंज (बिहार)। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने शनिवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कट्टा जैसे शब्दों का प्रयोग कर अपने पद की गरिमा को ठेस पहुंचा रहे हैं।बिहार के कटिहार में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस आज वही लड़ाई लड़ रही है जो कभी महात्मा गांधी ने अंग्रेज़ी हुकूमत के खिलाफ लड़ी थी।
 
उन्होंने कहा, एक तरफ प्रधानमंत्री वंदे मातरम का गुणगान करते हैं, जो अहिंसा और एकता का प्रतीक है, और दूसरी तरफ कट्टा (देसी पिस्तौल) जैसी भाषा का इस्तेमाल करते हैं। क्या यह उनके पद की गरिमा के अनुरूप है? कांग्रेस महासचिव ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह सरकार युवाओं को रोजगार देने में विफल रही है और उसने सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों को अपने दो कॉरपोरेट मित्रों को सौंप दिया है।