संयुक्त राष्ट्र। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने यहां संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस से मुलाकात की और कहा कि वह मौजूदा वैश्विक व्यवस्था एवं बहुपक्षवाद पर उसके प्रभावों को लेकर संयुक्त राष्ट्र प्रमुख के आकलन को महत्व देते हैं। जयशंकर ने भारत की विकास यात्रा के प्रति गुतारेस के निरंतर समर्थन के लिए भी उन्हें धन्यवाद दिया। जयशंकर ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, न्यूयॉर्क में आज संयुक्त राष्ट्र महासचिव से मिलकर अच्छा लगा। मौजूदा वैश्विक व्यवस्था और बहुपक्षवाद पर उसके प्रभावों को लेकर उनकी समझ महत्वपूर्ण है। विभिन्न क्षेत्रीय संकटों पर उनके विचारों की भी सराहना की।  यह मुलाकात संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में हुई जिसमें भारत के स्थाई प्रतिनिधि राजदूत पी. हरीश, उप-स्थाई प्रतिनिधि राजदूत योजना पटेल और भारत के स्थाई मिशन के अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे। जयशंकर ने कहा कि उन्होंने भारत के विकास और उन्नति के लिए गुतारेस के स्पष्ट और निरंतर समर्थन के लिए उनका आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि वह जल्द ही भारत यात्रा पर आएंगे।इससे पहले, जयशंकर कनाडा में हुए जी7 विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल हुए थे, जहां उनकी मुलाकात अमेरिका के विदेश मंत्री मार्काे रुबियो सहित कई वैश्विक नेताओं और समकक्षों से हुई।