श्रीनगर। श्रीनगर के बाहरी इलाके में नौगाम पुलिस थाने में आकस्मिक विस्फोट होने से आठ लोगों की मौत हो गई है और 27 अन्य लोग घायल हो गए हैं। यह विस्फोट उस समय हुआ जब पुलिसकर्मी सफेदपोश आतंकवादी मॉड्यूल मामले के संबंध में फरीदाबाद से जब्त विस्फोटक सामग्री के नमूने ले रहे थे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट शुक्रवार देर रात हुआ जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई और 27 अन्य लोग घायल हो गए। इनमें से अधिकतर पुलिसकर्मी और फोरेंसिक अधिकारी हैं।उन्होंने बताया कि विस्फोट स्थल से अब तक आठ शव बरामद किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि घायलों को श्रीनगर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है तथा मृतकों की पहचान के प्रयास जारी हैं। अधिकारियों ने कहा कि विस्फोट उस समय हुआ जब पुलिसकर्मी हरियाणा के फरीदाबाद से लाई गई विस्फोटक सामग्री से नमूने ले रहे थे। उन्होंने बताया कि यह सामग्री गिरफ्तार चिकित्सक मुजम्मिल गनई के किराए के आवास से बरामद 360 किलोग्राम विस्फोटक का हिस्सा था। उन्होंने कहा कि मामले की जारी जांच के तहत इसके नमूने लिए जा रहे थे। शवों को श्रीनगर स्थित पुलिस नियंत्रण कक्ष ले जाया गया है।