करमसद (गुजरात)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कहा कि यह दिन देशवासियों को याद दिलाता है कि स्वतंत्रता केवल अधिकारों के बारे में नहीं है, बल्कि कर्तव्यों और एकता के आह्वान के लिए भी है। प्रधानमंत्री का संदेश गुजरात के आणंद जिले के करमसद कस्बे में एकता मार्च के शुरू होने के समारोह के दौरान पढ़ा गया। करमसद भारत के प्रथम गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल का पैतृक स्थान है। गुजरात सरकार सरदार पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में नर्मदा जिले के करमसद से स्टैच्यू ऑफ यूनिटी तक पदयात्रा का आयोजन कर रही है। इस अवसर पर जिला कलेक्टर प्रवीण चौधरी ने प्रधानमंत्री का संदेश पढ़कर सुनाया।प्रधानमंत्री ने पदयात्रा के आयोजन के लिए राज्य सरकार को बधाई दी तथा कहा कि पदयात्राओं ने भारत के स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
