हैदराबाद। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को यहां भारतीय अंतरिक्ष स्टार्टअप स्काईरूट के इन्फिनिटी परिसर का डिजिटल माध्यम से उद्घाटन किया और सरकार के ऐतिहासिक अंतरिक्ष सुधारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने पेलोड को पृथ्वी की कक्षा तक ले जाने वाले कंपनी के पहले रॉकेट विक्रम-। का भी अनावरण किया, जिसमें उपग्रहों को कक्षा में प्रक्षेपित करने की क्षमता है। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में सरकार के ऐतिहासिक अंतरिक्ष सुधारों का जिक्र किया और कहा कि अंतरिक्ष क्षेत्र को निजी व्यक्तियों के लिए खोलने के परिणामस्वरूप स्काईरूट और अन्य कंपनियां ऐसे नवाचारों के साथ सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि आज भारत के अंतरिक्ष पारिस्थितिकी तंत्र में निजी क्षेत्र तेज़ी से उभर रहा है। उन्होंने कहा कि 300 से ज़्यादा अंतरिक्ष स्टार्टअप इस क्षेत्र को नई उम्मीदें दे रहे हैं।
