नई दिल्ली। भारत ने नौसेना के 24 सीहॉक हेलीकॉप्टर बेड़े की खातिर पांच वर्ष के लिए सतत समर्थन के उद्देश्य से अमेरिका के साथ 7,995 करोड़ रुपए का सौदा किया है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा अगस्त में भारतीय वस्तुओं पर कुल 50 प्रतिशत का शुल्क लगाए जाने के बाद दोनों देशों के संबंधों में तनाव के बीच इस अनुबंध पर हस्ताक्षर किए गए। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसने एमएच60आर हेलीकॉप्टर बेड़े के संबंध में अमेरिका के साथ लगभग 7,995 करोड़ रुपए के प्रस्ताव व स्वीकृति पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं। लॉकहीड मार्टिन कॉर्पाेरेशन द्वारा निर्मित ए हेलीकॉप्टर सभी मौसम में उपयोग में लाए जाते हैं। भारत ने फरवरी 2020 में 24, एमएच60आर की खरीद के लिए अमेरिका के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। एमएच60आर सीहॉक ब्लैकहॉक हेलीकॉप्टर का समुद्री संस्करण है। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, सतत समर्थन एक व्यापक पैकेज है जिसमें पुर्जों, सहायक उपकरणों, उत्पाद समर्थन, प्रशिक्षण और तकनीकी सहायता, पुर्जों की मरम्मत आदि प्रावधान शामिल हैं।