पणजी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि भारत एक सांस्कृतिक पुनर्जागरण का अनुभव कर रहा है और अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम का व्यापक जीर्णाेद्धार और उज्जैन में महाकाल महालोक का विस्तार देश की चेतना को दर्शाते हैं।
श्री संस्थान गोकर्ण जीवोत्तम मठ के 550 वर्ष पूरे होने पर आयोजित समारोहों के तहत दक्षिण गोवा में भगवान राम की 77 फुट ऊंची प्रतिमा का अनावरण करने के बाद मोदी एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। गोवा सरकार के अनुसार, यह विश्व में राम की सबसे ऊंची प्रतिमा है। प्रधानमंत्री ने कहा, आज भारत एक सांस्कृतिक पुनर्जागरण का अनुभव कर रहा है। अयोध्या में राम मंदिर का जीर्णाेद्धार, काशी विश्वनाथ धाम का व्यापक जीर्णाेद्धार और उज्जैन में महाकाल महालोक का विस्तार, ए सभी देश की नई चेतना और इसकी आध्यात्मिक विरासत के सशक्त पुनरुत्थान के उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि यह पुनर्जागरण भावी पीढ़ियों को अपनी जड़ों से जुड़े रहने के लिए प्रेरित करेगा। गोवा के इतिहास का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा कि ऐसे समय भी आए जब गोवा के मंदिरों और स्थानीय परंपराओं को भाषा और सांस्कृतिक पहचान पर दबाव के कारण संकट का सामना करना पड़ा, लेकिन ए परिस्थितियां समाज की आत्मा को कमजोर नहीं कर सकीं, बल्कि उन्होंने इसे और भी दृढ़ बनाया।
