झज्जर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि भारत और दुनिया में मानवता की रक्षा के लिए सनातन धर्म की रक्षा करना आवश्यक है। योगी ने लोगों को उन विरोधी ताकतों के प्रति भी सतर्क रहने को कहा, जो नशीले पदार्थों और धर्मांतरण के माध्यम से समाज को कमजोर करने का प्रयास करती हैं। योगी ने हरियाणा के झज्जर जिले के कबलाना गांव में एक धार्मिक सभा को संबोधित करते हुए कहा, भारत और दुनिया में मानवता की रक्षा के लिए सनातन धर्म की रक्षा करना आवश्यक है। अगर हमें इस चराचर जगत की रक्षा करनी है, तो सनातन धर्म की रक्षा करनी होगी। इसे हर हाल में संरक्षित करना होगा। अयोध्या में राम मंदिर के ऊपर 25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से फहराए गए भगवा धर्मध्वज का जिक्र करते हुए योगी ने कहा कि यह ध्वज सनातन गौरव का प्रतीक बन गया है। उन्होंने 2019 में उच्चतम न्यायालय के फैसले से मंदिर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त होने के बाद से इसके औपचारिक रूप से पूरा होने तक की घटनाओं का भी जिक्र किया।
