रायपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को विजन 2047 के लिए पुलिसिंग की दीर्घकालिक कार्ययोजना का अनावरण किया। इस मौके पर उन्होंने देश के शीर्ष पुलिस अधिकारियों से पेशेवर दक्षता, संवेदनशीलता और तत्परता बढ़ाने का आह्वान किया, ताकि लोगों के बीच पुलिस की छवि में सुधार हो सके और विकसित भारत के लक्ष्य हासिल किए जा सकें। यहां पुलिस महानिदेशकोंामहानिरीक्षकों के 60वें अखिल भारतीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए मोदी ने पुलिस प्रमुखों से आह्वान किया कि वे विकसित भारत बनने की राह पर अग्रसर विकासशील राष्ट्र की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए अपनी पुलिसिंग शैली में बदलाव लाएं।सम्मेलन का मुख्य विषय विकसित भारत : सुरक्षा आयाम था। प्रधानमंत्री ने पुलिस और अर्धसैनिक बलों के शीर्ष अधिकारियों की बैठक में कहा कि पुलिस के बारे में जनता की धारणा को बदलने की तत्काल आवश्यकता है, खासकर युवाओं के बीच, और इसके लिए पेशेवर दक्षता, संवेदनशीलता तथा जवाबदेही को बढ़ाया जाना चाहिए।
